
हाईवे पर मौत का तांडव! बस-ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर के बाद CNG ब्लास्ट, 5 गाड़ियों में लगी आग, जिंदा जली महिला
देहरादून। उत्तराखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जब पूरा देश आठ मार्च की रात क्रिकेट मुकाबला देखने में व्यस्त था, उसी दौरान देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
रविवार देर रात करीब 9:18 बजे रायवाला क्षेत्र में मोतीचूर फ्लाईओवर के ऊपर यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड रोडवेज की बस और स्वराज-735 ट्रैक्टर ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे से आ रही स्कॉर्पियो कार भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। इसी दौरान स्कॉर्पियो के CNG सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया, जिससे कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया और कुल पांच वाहन आग की लपटों में घिर गए।
इस भयावह हादसे में 30 वर्षीय महिला कुसुम की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों में लगी आग पर काबू पाया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार सभी लोग देहरादून के झंडा मेले से वापस अपने घर बिजनौर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।









