सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत: अब मोबाइल से लग सकेगी हाजिरी, फेशियल रिकग्निशन तकनीक लागू

उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। अब बायोमीट्रिक सिस्टम की तकनीकी दिक्कतों से परेशान कर्मचारियों को मोबाइल के माध्यम से हाजिरी दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए फेशियल रिकग्निशन तकनीक को अपनाया गया है, जिससे अब उपस्थिति लगाना पहले से कहीं आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के आदेशानुसार 1 मई से प्रदेशभर के सभी सरकारी कार्यालयों में बायोमीट्रिक हाजिरी अनिवार्य की गई थी। हालांकि, सचिवालय में आधार साइट, आईपी एड्रेस बदलाव और RD डिवाइस की समस्याओं के कारण कई अधिकारी-कर्मचारी समय पर हाजिरी नहीं लगा पा रहे थे। इस कारण विलंब से आने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए थे।

अब समाधान के रूप में सरकार ने नया विकल्प उपलब्ध कराया है:

कर्मचारी अपने स्मार्टफोन से ही आधार-आधारित फेशियल रिकग्निशन के जरिए हाजिरी लगा सकेंगे।

इसके लिए उन्हें गूगल प्ले स्टोर या एप्पल स्टोर से दो ऐप्स डाउनलोड करनी होंगी:

  1. Aadhaar Based Attendance App
  2. Aadhaar Face RD App

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन:

  1. ऐप इंस्टॉल करने के बाद लॉगिन आईडी बनाएं।
  2. डोमेन में उत्तराखंड राज्य का चयन करें।
  3. पासवर्ड डालकर आईडी जनरेट करें।
  4. दिए गए एंट्री प्वाइंट्स (जैसे नॉर्थ ब्लॉक ग्राउंड, सीएम बिल्डिंग, आदि) में से एक चुनें।
  5. अपनी तस्वीर अपलोड करें और उपस्थिति दर्ज करें।

यह तकनीक कर्मचारियों को हाजिरी के लिए मशीनों पर निर्भर होने से मुक्त करेगी और प्रशासनिक कार्यों को अधिक डिजिटल और सहज बनाएगी।

सम्बंधित खबरें