
संविधान की रक्षा के नाम पर कांग्रेस का ढोंग: केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कांग्रेस के दोहरे चरित्र को किया बेनकाब
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के कुमाऊँ संभाग कार्यालय, हल्द्वानी में आयोजित पत्रकार वार्ता में नैनीताल-ऊधमसिंहनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संविधान से खिलवाड़ किया है और आज संविधान की रक्षा की बातें करके जनता को गुमराह कर रही है।
श्री भट्ट ने कहा कि संविधान में संशोधन एक विधिक प्रक्रिया है, जिसे अनुच्छेद 368 के अंतर्गत समय और आवश्यकता के अनुसार किया गया है। अब तक संविधान में 106 संशोधन हो चुके हैं, लेकिन इनमें से 80 से अधिक संशोधन कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में हुए हैं। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय से लेकर श्रीमती इंदिरा गांधी और राजीव गांधी तक, कांग्रेस ने बार-बार संविधान की आत्मा से छेड़छाड़ की।
42वां संशोधन: लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला
अजय भट्ट ने बताया कि वर्ष 1976 में इंदिरा गांधी सरकार द्वारा लाया गया 42वां संविधान संशोधन लोकतंत्र पर अब तक का सबसे बड़ा हमला था। इसमें प्रस्तावना में ‘समाजवाद’ और ‘धर्मनिरपेक्षता’ जैसे शब्द जोड़े गए, जो संविधान निर्माताओं की मूल भावना के अनुरूप नहीं थे। इसी संशोधन के माध्यम से सरकार को निरंकुश बनाने की कोशिश की गई।
शाहबानो केस और तुष्टीकरण की राजनीति
श्री भट्ट ने शाहबानो मामले का ज़िक्र करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक निर्णय को पलटना कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति का उदाहरण है। यह मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों पर हमला था।
राष्ट्रपति शासन का दुरुपयोग और न्यायपालिका में हस्तक्षेप
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने Article 356 का दुरुपयोग कर चुनी हुई सरकारों को बार-बार बर्खास्त किया। अकेले इंदिरा गांधी के कार्यकाल में 50 से अधिक बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया। न्यायपालिका में हस्तक्षेप करते हुए तीन वरिष्ठतम जजों की उपेक्षा कर जूनियर जज को मुख्य न्यायाधीश बनाया गया।
भारतीय जनता पार्टी की संविधान के प्रति प्रतिबद्धता
श्री भट्ट ने कहा कि भाजपा ने हमेशा संविधान की मर्यादा का पालन किया है। 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार द्वारा लाया गया 91वां संविधान संशोधन भ्रष्टाचार रोकने और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम था।
कांग्रेस का सत्ता प्रेम बनाम संवैधानिक मूल्यों की अनदेखी
अजय भट्ट ने कहा, “जब-जब कांग्रेस को सत्ता और संविधान में से किसी एक को चुनना पड़ा, उन्होंने हमेशा सत्ता को प्राथमिकता दी।”
समापन में उन्होंने कहा:
“भारत का संविधान आज भी मज़बूत है और हम इसकी मूल भावना की रक्षा के लिए कटिबद्ध हैं। कांग्रेस कितनी भी कोशिश कर ले, हम संविधान को कमजोर नहीं होने देंगे।”
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी चंदन बिष्ट, महामंत्री रंजन बर्गली एवं नवीन भट्ट भी उपस्थित रहे।
