श्रीनगर: कोटी गांव में 65 वर्षीय महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, क्षेत्र में दहशत

पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर क्षेत्र में खंडाह के पास स्थित कोटी गांव में एक दर्दनाक और भयावह घटना सामने आई, जहां घास लेने गई एक 65 वर्षीय महिला को गुलदार ने मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी दहशत का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर तत्काल मारने की मांग उठाई है।

घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कोटी गांव की निवासी गिन्नी देवी (65 वर्ष) अपनी बहू और गांव की अन्य महिलाओं के साथ पास के जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक गिन्नी देवी पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुलदार महिला को लगभग 100 मीटर तक घसीट कर ले गया और उन पर गहरे घाव कर दिए। साथ में मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर उसे भगाने की कोशिश की, जिसके बाद गुलदार घटनास्थल से दूर जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक गिन्नी देवी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियां बढ़ी हुई थीं। एक दिन पहले भी एक बछिया को गुलदार ने निवाला बनाया था, जिससे लोगों में पहले से ही भय था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग को समय-समय पर सूचना देने के बावजूद सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए।

ग्राम प्रधान करिश्मा देवी ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे गुलदार के हमले चिंता का विषय हैं। उन्होंने मांग की कि गिन्नी देवी पर हमला करने वाले गुलदार को आदमखोर घोषित कर तुरंत मार गिराया जाए, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

घटना की सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी दिनेश नौटियाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और टीम को उच्च सतर्कता पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग आगे की कार्यवाही कर रहा है, जिसमें ट्रैपिंग और लगातार निगरानी शामिल है।

गांव में अभी भी दहशत और शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए, ताकि आगे ऐसी किसी भी घटना को रोका जा सके।

सम्बंधित खबरें