
शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 घायल
पिथौरागढ़/बैतड़ी। शादी की खुशियां लेकर निकली एक बारात कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। उत्तराखंड-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस बैतड़ी जिले के पुरचूंणी नगरपालिका क्षेत्र से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुड़ा गांव जा रही थी। रास्ते में पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ पर बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और पीछे की ओर फिसलते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। अंधेरी रात में घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई घायलों को डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है।
प्रहरी प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि
6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई,
5 की डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई,
जबकि 2 लोगों ने कोटिला अस्पताल में दम तोड़ा।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस ओवरलोड थी। अधिक भार के कारण बस चढ़ाई पर नहीं चढ़ सकी और पीछे की ओर फिसलते हुए खाई में गिर गई। हादसे में बस चालक को मामूली चोटें आई हैं। चालक वीरेंद्र बुढा, निवासी भीमदत्त नगरपालिका (कंचनपुर) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में ओवरलोडिंग और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जहां जरा-सी चूक कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लेती है।
दुर्घटना में मृतकों के नाम
केशव राज जोशी (40)
अशोक राज जोशी (13)
बसंत राज जोशी
बिष्णु दत्त जोशी (41)
नरेश राज जोशी (42)
बिशन दत्त जोशी (17)
दीपक जोशी (28)
किशन जोशी (46)
(सभी निवासी: बजांग, बित्थड चीर गांव पालिका-7)
मोहन देव भट्ट (60), निवासी केदारस्यु गांव पालिका, बजांग
केशव भट्ट (27), निवासी केदारस्यु गांव पालिका, बजांग
बसंत राज रतला (40), निवासी जय पृथ्वी नगरपालिका-7, बजांग
पुष्पा अवस्थी (40), निवासी पुरचूंणी नगरपालिका-7, बैतड़ी
सुशील जोशी, निवासी पुरचूंणी नगरपालिका-7, बैतड़ी









