शपथ के साथ विकास का संकल्प: नैनीताल जिला पंचायत की बागडोर दीपा दर्मवाल के हाथों में

नैनीताल। सोमवार को नैनीताल क्लब (शैले हॉल) में आयोजित भव्य समारोह में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दर्मवाल एवं उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके उपरांत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल ने सभी जिला पंचायत सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई।

अध्यक्ष पद संभालने के बाद दीपा दर्मवाल ने सभी को नंदा अष्टमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में नैनीताल जनपद को विकास की अग्रणी पंक्ति में लाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले के सर्वांगीण विकास में जनप्रतिनिधियों और आम जनता का सहयोग अहम भूमिका निभाएगा।

वहीं, उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट ने कहा कि जनता की उम्मीदों और अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए हर समस्या का सामूहिक समाधान किया जाएगा।

इस अवसर पर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार ने जानकारी दी कि जिला पंचायत की प्रथम बैठक 6 सितंबर 2025 को नैनीताल क्लब के सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत सहित कई जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें