
विधायक बंशीधर भगत की पहल से खत्म हुआ उपनल कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार, रुका वेतन जल्द जारी होगा
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में छह माह से रुके वेतन को लेकर कार्य बहिष्कार पर चल रहे 659 उपनल कर्मचारियों ने सोमवार को काम पर लौटने का ऐलान किया। कर्मचारियों ने कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत के हस्तक्षेप और लगातार पैरवी के लिए उनका आभार जताते हुए सम्मानित किया।
रामपुर रोड स्थित रूद्राक्षी बैंक्वेट हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में कर्मचारियों ने बताया कि वेतन न मिलने से परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया था। विधायक भगत ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर समाधान का आश्वासन दिलाया।
कर्मचारियों ने भावुक होकर कहा कि, “विधायक जी ने हमारी आवाज़ सुनी और हक दिलाने की ठोस पहल की। उनकी कोशिशों से ही आज हमें उम्मीद की किरण दिखाई दी है।” कई महिला कर्मचारियों ने मंच पर आकर उनकी सराहना की।
इस मौके पर विधायक बंशीधर भगत ने कहा—
“उपनल कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं। मुख्यमंत्री के सहयोग से सप्ताह भर में वेतन कर्मचारियों के खातों में पहुंचेगा और आगामी दो माह में नियमितीकरण की दिशा में भी ठोस कार्यवाही होगी।”
समारोह में उपनल महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद गोदियाल, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महेश भट्ट, महामंत्री विनय प्रसाद, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मीना रौथान समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।