रुड़की सिविल अस्पताल में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश, डॉक्टर 20 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


रुड़की। रुड़की सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की साख उस समय सवालों के घेरे में आ गई, जब विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शनिवार देर रात की गई, जिससे पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी डॉक्टर ने करीब 20 दिन पहले ही रुड़की के सिविल अस्पताल में ज्वॉइन किया था। इससे पहले वह मसूरी में तैनात था। बताया जा रहा है कि डॉक्टर पर मरीज से इलाज से संबंधित कार्य के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद विजिलेंस टीम ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की।

शनिवार देर रात जैसे ही डॉक्टर ने तय रकम ली, विजिलेंस टीम ने उसे अस्पताल की इमरजेंसी में ही मौके पर दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अस्पताल कर्मचारियों और मरीजों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

विजिलेंस टीम आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी डॉक्टर पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं।
इस घटना के बाद सिविल अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। आम लोगों में यह चर्चा है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मुफ्त और ईमानदार इलाज मिलना चाहिए, लेकिन इस तरह की घटनाएं स्वास्थ्य व्यवस्था की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं।

सम्बंधित खबरें