
मां की ममता ने तोड़ी सरहदों की दीवार: देहरादून में रहेंगी हिंदुस्तानी मां और उसके पाकिस्तानी बच्चे
देहरादून। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए भारत में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों को तत्काल वापसी के आदेश दिए हैं। इसी क्रम में देहरादून में प्रशासन और पुलिस ने अभियान चलाकर शॉर्ट टर्म वीजा पर आए पाकिस्तानियों की पहचान शुरू की।
जांच में पता चला कि विकासनगर क्षेत्र में रह रहा एक पाकिस्तानी दंपती भारत में कुछ दिनों से मौजूद है। प्रशासन ने उन्हें तत्काल देहरादून छोड़ने के निर्देश दिए। गुरुवार शाम को सुरक्षा के बीच दंपती को सहारनपुर रवाना किया गया, जहां से वे दिल्ली होते हुए पाकिस्तान लौटेंगे।
लेकिन इसी तलाशी अभियान के दौरान एक मानवीय पहलू भी सामने आया जिसने सभी को भावुक कर दिया। दरअसल, एक हिंदुस्तानी महिला, जिसकी शादी पाकिस्तान में हुई थी, अब अपने दो पाकिस्तानी बच्चों के साथ देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में रह रही है। तलाक के बाद वह अपने बच्चों को लेकर भारत लौट आई थी।
कानूनी रूप से दोनों बच्चों की नागरिकता भले ही पाकिस्तानी हो, लेकिन प्रशासन ने इस संवेदनशील मामले में सहानुभूति दिखाते हुए उन्हें अपनी मां के साथ भारत में ही रहने की अनुमति दे दी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मां भारतीय नागरिक हैं, इसलिए बच्चों को उनसे अलग नहीं किया जाएगा।
देहरादून में फिलहाल कुल 217 पाकिस्तानी नागरिक मौजूद हैं, जिनमें अधिकांश हिंदू शरणार्थी हैं और कुछ मुस्लिम नागरिक। सुरक्षा एजेंसियां सतर्कता से कार्रवाई कर रही हैं, लेकिन इंसानियत के इन पहलुओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।
