
महंगाई का कहर: टमाटर और आलू के दामों ने मचाई हाहाकार
देहरादून। शादी-ब्याह का सीजन शुरू होते ही बाजारों में सब्जियों के दामों में तेजी आ गई है। दो दिनों के भीतर ही टमाटर के दाम में 20 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि आलू के दाम में भी 5 रुपये का उछाल आया है। इस अचानक बढ़ोतरी से आम लोगों की रसोई का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है।
राजधानी देहरादून में सहालग (शादी सीजन) शुरू होते ही सब्जियों की मांग बढ़ गई है। दो दिन पहले तक 30 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर अब 50 रुपये किलो तक पहुंच गया है। वहीं, आलू 20 रुपये से बढ़कर 25 रुपये किलो बिक रहा है।
स्थानीय व्यापारी तसलीम अहमद का कहना है कि शादियों में सब्जियों की मांग बढ़ने से दामों में तेजी आई है। इसके अलावा, आलू की नई फसल देर से आने के कारण बाजार में सप्लाई कम है, जिससे कीमतों में इजाफा हुआ है।
वहीं, अन्य सब्जियों के दाम भी आम उपभोक्ताओं को परेशान कर रहे हैं — भिंडी 60 रुपये किलो, करेला 60 रुपये किलो और मटर 120 रुपये किलो तक पहुंच गया है। बढ़ते दामों से महिलाओं की रसोई का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया है।









