
मसूरी-देहरादून मार्ग पर दर्दनाक हादसा: कार खाई में गिरी, दो सगे भाइयों की मौत, एक गंभीर घायल
देहरादून। मसूरी से देहरादून लौट रही एक कार देर रात ग्लोगी के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन लोग मसूरी से देहरादून लौट रहे थे। रास्ते में वाहन ग्लोगी के पास अचानक अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मेजर अंशुमान त्रिखा ने पुलिस को फोन पर दी, जो स्वयं भी हादसे में घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दो लोगों को खाई से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मृत्यु हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान:
सौरभ त्रिखा, पुत्र सुभाष त्रिखा
कार्तिक त्रिखा, पुत्र स्व. कैलाश त्रिखा
(निवासी: सेवक आश्रम रोड, देहरादून)
दोनों शवों को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। घायल मेजर अंशुमान त्रिखा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन की अपील:
इस हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पर्वतीय मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, विशेषकर रात के समय और खराब मौसम में।
