मंडी परिषद के विकास कार्यों में ग्राम प्रधानों की सहभागिता की मांग

नैनीताल। जिला ग्राम प्रधान संगठन, जनपद नैनीताल के जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी ने मंडी परिषद, उत्तराखंड देहरादून को ज्ञापन भेजकर मंडी परिषद द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्यों में ग्राम प्रधानों की सहभागिता सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि मंडी परिषद द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय पर विभिन्न विकास कार्य कराए जाते हैं, जिनका सीधा संबंध ग्राम पंचायतों और ग्रामीण जनता से होता है। ग्राम प्रधान ग्राम पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधि होने के कारण स्थानीय जरूरतों, प्राथमिकताओं और जमीनी समस्याओं से भली-भांति परिचित रहते हैं। ऐसे में विकास कार्यों की योजना, चयन और क्रियान्वयन प्रक्रिया में उनकी भूमिका बेहद अहम है।

गोपाल सिंह अधिकारी ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि यदि संबंधित ग्राम प्रधानों को विकास कार्यों में शामिल किया जाता है, तो इससे न केवल कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता में सुधार होगा, बल्कि विकास योजनाएं अधिक प्रभावी, उपयोगी और जनहितकारी भी बनेंगी।

उन्होंने मंडी परिषद से आग्रह किया है कि परिषद के अंतर्गत होने वाले सभी विकास कार्यों में ग्राम प्रधानों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि ग्राम पंचायतें सशक्त हों और ग्रामीण विकास को नई गति मिल सके।

ज्ञापन के अंत में उन्होंने आशा जताई कि मंडी परिषद इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।

सम्बंधित खबरें