भवाली | नैनीताल जिले के रामगढ़ में पर्यटक वाहन खाई में गिरा, दो की मौत, छह घायल

भवाली। नैनीताल जिले के रामगढ़ के गागर क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक पर्यटक वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिसमें दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पीड़ित गाज़ियाबाद के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही भवाली पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस ने खाई में गिरे सभी आठ लोगों को निकालकर भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। यहाँ डॉक्टरों ने सचिन (32) पुत्र विजेंद्र चौधरी और लक्षी (12) पुत्र विकास को मृत घोषित कर दिया।

बाकी छह घायलों – नितिन (32), रुचि (39), निस्ता (14), शामा, कंचन (26) और लवे (11) – को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया।

कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुँचाया गया है और मृतकों के शव भवाली में सुरक्षित रखे गए हैं। उन्होंने पुष्टि की कि सभी पर्यटक गाज़ियाबाद के निवासी हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जाँच में जुटी हुई है।

सम्बंधित खबरें