प्रदेश में एसआईआर से पहले भाजपा 31 दिसंबर तक सभी 11,733 बूथों पर तैनात करेगी बीएलए

चुनाव आयोग द्वारा प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) शुरू होने से पहले भाजपा संगठन बूथ स्तर पर अपनी तैयारी को तेज कर रहा है। पार्टी का लक्ष्य 31 दिसंबर तक पूरे प्रदेश के 11,733 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की तैनाती पूरी करना है।

मंगलवार को सभी बीएलए-1 के साथ वर्चुअल बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार राजनीतिक दलों को सभी बूथों पर बीएलए तैनात करने हैं। भाजपा ने 70 विधानसभा क्षेत्रों में बीएलए-1 की तैनाती पूरी कर ली है, लेकिन बीएलए-2 की तैनाती अभी अधूरी है।

अब तक प्रदेश में कुल 144 बीएलए-1 नियुक्त किए जा चुके हैं, जिनमें से 70 भाजपा के हैं। वहीं, भाजपा अब तक कुल 2836 बीएलए तैनात कर चुकी है, हालांकि यह संख्या अभी भी आवश्यक 11,733 बीएलए से काफी कम है।

वर्चुअल बैठक में निर्णय लिया गया कि बीएलए-2 की तैनाती को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। संभावित कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर उनके दस्तावेज निर्वाचन कार्यालय की अपेक्षा के अनुरूप व्यवस्थित किए जाएंगे। माना जा रहा है कि एसआईआर प्रक्रिया में बीएलए की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है।

प्रवासियों तक भी पहुंचेगी भाजपा

एसआईआर के दौरान अधिकतम मतदाता जुड़ाव के लक्ष्य को देखते हुए भाजपा प्रवासी मतदाताओं तक भी अभियान चलाकर पहुंचेगी। पार्टी उन्हें समझाने का प्रयास करेगी कि वे अपना वोट अपने गांव में बनवाएं और यहीं आकर मताधिकार का प्रयोग करें। इसके लिए संगठन स्तर पर विस्तृत रणनीति तैयार की जा रही है और जल्द ही जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

भाजपा का दावा — 31 दिसंबर तक पूरी होगी तैनाती

भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि 31 दिसंबर तक सभी बूथों पर बीएलए-2 की नियुक्ति पूरी कर दी जाएगी और इसकी सूचना मुख्य निर्वाचन अधिकारी को प्रदान की जाएगी। संगठन का हर कार्यकर्ता एसआईआर के दौरान मतदाताओं की मदद के लिए पूरी गंभीरता से काम करेगा।

सम्बंधित खबरें