नैनीताल पुलिस लाइन में भव्य परेड और मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी, बेहतर परफॉर्मेंस देने वाले 25 पुलिस कर्मियों को किया गया सम्मानित

नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. (IPS) द्वारा शुक्रवार, 21 नवंबर 2025 को पुलिस लाइन नैनीताल में भव्य परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान जवानों की ड्रिल, शारीरिक दक्षता एवं हथियार संचालन (वेपन हैंडलिंग) का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। एसएसपी ने फोर्स की तैयारी की सराहना करते हुए कहा कि ग्राउंड जीरो पर परफॉर्मेंस ही वास्तविक पुलिसिंग है।

परेड के पश्चात पुलिस लाइन सभागार में सभी राजपत्रित अधिकारी, थानाध्यक्षों, चौकी व शाखा प्रभारियों की उपस्थिति में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत में एसएसपी ने पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान बेहतर पुलिसिंग में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 25 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में भवाली के प्रभारी निरीक्षक श्री प्रकाश मेहरा, तल्लीताल थानाध्यक्ष श्री मनोज नयाल, एसएसआई मल्लीताल श्री दीपक बिष्ट सहित विभिन्न थानों एवं विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

एसएसपी नैनीताल ने अपराध नियंत्रण और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए, जिनमें मुख्यतः शामिल हैं—
🔹 अपराधों पर पूर्ण अंकुश, ग्राउंड जीरो पर पुलिसिंग को प्राथमिकता
🔹 कर्मचारियों के वेलफेयर, यात्रा भत्ता और चिकित्सा प्रतिपूर्ति समय पर भुगतान
🔹 गुंडा तत्वों, अराजक प्रवृत्ति और NDPS/जुआ/आबकारी मामलों पर त्वरित कार्यवाही
🔹 आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन
🔹 वीकेंड पर सभी थाना/चौकी प्रभारी स्वयं ट्रैफिक ड्यूटी संभालेंगे
🔹 स्कूल खुलने और बंद होने के समय चीता मोबाइल की सक्रिय तैनाती

एसएसपी ने हल्द्वानी के बेलबाबा से सुशीला तिवारी अस्पताल के मार्ग पर अनावश्यक वाहनों की पार्किंग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने के भी स्पष्ट आदेश दिए। बैठक में सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किल में संभ्रांत नागरिकों के साथ विधिवत बैठक कर ट्रैफिक सिस्टम सुधारने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसपी क्राइम/यातायात डॉ. जगदीश चन्द्रा, एसपी हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार श्री रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी श्री नितिन लोहनी, सीओ रामनगर श्री सुमित पांडे, सीओ नैनीताल श्री अमित कुमार सहित पुलिस, PAC, SDRF व अन्य इकाइयों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सम्बंधित खबरें