
नैनीताल जिला पंचायत चुनाव विवाद: भाजपा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को हल्द्वानी कोतवाली पहुंचकर एसपी सिटी से मुलाकात की। भाजपा ने 14 अगस्त 2025 को नैनीताल में हुए जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओं पर मारपीट, अभद्रता और जिला पंचायत सदस्यों को गायब करने के आरोप लगाते हुए त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नेताओं ने बताया कि पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी दीपा दर्मवाल द्वारा तल्लीताल थाने में दर्ज कराई गई नामजद शिकायत में कांग्रेस विधायक यशपाल आर्या, सुमित हृदयेश, मोहन कापड़ी और पूर्व विधायक संजीव आर्या के नाम शामिल हैं, लेकिन अब तक पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस प्रकरण में बेवजह राजनीति कर रही है और भाजपा व प्रदेश सरकार को बदनाम करने के साथ-साथ पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाने का काम कर रही है। पार्टी ने यह भी कहा कि कांग्रेस जिस प्रत्याशी का समर्थन कर रही है, उनके पति लाखन नेगी पर नैनीताल के विभिन्न थानों में 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें पॉक्सो एक्ट और हिस्ट्रीशीटर से जुड़े मामले भी शामिल हैं।
भाजपा ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। इस दौरान विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, विधायक रामनगर दीवान सिंह बिष्ट, हल्द्वानी मेयर गजराज सिंह बिष्ट, पूर्व मेयर जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री तरुण बंसल, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत व विकास भगत, भाजपा नेता महेश शर्मा, जिला महामंत्री नवीन भट्ट और रंजन बर्गली, युवा मोर्चा अध्यक्ष कार्तिक हर्बोला, किसान मोर्चा अध्यक्ष संदीप कुकसाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष अलका जीना, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष भुवन आर्या और मण्डल अध्यक्ष काठगोदाम नीरज बिष्ट सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।