धारी–कसियालेख मोटर मार्ग के डामरीकरण को मिली मंजूरी, 5 करोड़ 47 लाख की स्वीकृति

धारी ब्लॉक के धारी–पोखराड–चौखुटा–कसियालेख मोटर मार्ग के लंबे समय से खराब होने के कारण ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मार्ग की जर्जर स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा से डामरीकरण की मांग उठाई थी।

ग्रामीणों की मांग पर विधायक कैड़ा ने तुरंत संज्ञान लेते हुए PWD विभाग के अधिकारियों को मार्ग का DPR तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मार्ग के डामरीकरण के लिए धन स्वीकृत करने का आग्रह किया। विधायक की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कुल 5 करोड़ 47 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी है।

विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल्द ही मोटर मार्ग पर डामरीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण का काम लगातार जारी है। इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र की जनता में खुशी का माहौल है और लोगों ने विधायक कैड़ा के प्रति आभार व्यक्त किया है।

सम्बंधित खबरें