
दर्दनाक घटना: बेटे के सामने मां ने लगाई फांसी, परिवार पहले से था सदमे में
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के जज फार्म में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मां को फंदे पर लटका देख बेटे की चीखें निकल गईं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार 44 वर्षीय विमला सती अपने 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे के साथ जज फार्म स्थित एक मकान के ऊपरी तल पर किराए पर रहती थी। मकान मालिक पिछले कुछ महीनों से परिवार सहित बाहर थे और घर की देखरेख की जिम्मेदारी महिला को दी गई थी।
गुरुवार सुबह जब बेटा नींद से उठा तो उसकी मां कमरे में नहीं मिली। तलाश करते हुए वह मकान मालिक के कमरे में पहुंचा, जहां उसने मां को पंखे से लटका हुआ पाया। यह देखते ही वह घबरा गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। बताया जा रहा है कि बीते वर्ष जून में महिला के पति ने भी टांडा जंगल में आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से परिवार सदमे में था।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।








