
टिहरी में भीषण हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरा पिकअप, यमुना में समाया; चार युवक घायल, एक की हालत नाजुक
टिहरी (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के टिहरी जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। मोरी से विकासनगर की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन (UK07TD 6512) केम्पटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुमन क्यारी के पास अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया और सीधे यमुना नदी में जा समाया। इस दर्दनाक हादसे में वाहन में सवार चार युवक घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
सुबह 6 बजे की है घटना
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 6:00 बजे हुआ। वाहन सुमन क्यारी चौकी के पास अचानक अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते खाई में लुढ़कता हुआ यमुना नदी में जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
रेस्क्यू में दिखाई तत्परता
सूचना मिलते ही केम्पटी थाना पुलिस और स्थानीय बचाव दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया। दो युवक दुर्घटना के वक्त ही वाहन से बाहर गिर गए थे, जिन्हें हल्की चोटें आईं। तीसरे युवक को गंभीर हालत में सुरक्षित निकाला गया। चौथे युवक की तलाश कुछ देर तक चली, जिसे बाद में घायल अवस्था में बरामद कर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
घायलों की पहचान:
- परमेश लाल पुत्र दिल्लू लाल (25 वर्ष)
- नवीन पुत्र शिवदयाल (22 वर्ष) – वाहन चालक
- विपिन नेगी पुत्र सैन सिंह (18 वर्ष)
- सुरतन लाल पुत्र बंसीलाल (18 वर्ष)
सभी घायल युवक उत्तरकाशी जनपद के ग्राम नूरानी, नैटववाड़, थाना मोरी के निवासी हैं।
थानाध्यक्ष का बयान:
थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि सभी घायलों को मौके पर प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है।






