जिलाधिकारी वंदना ने ग्रामीण क्षेत्रों का किया दौरा, किसानों और स्वरोजगार से जुड़े हितों पर दिया जोर

नैनीताल (मुक्तेश्वर)। प्रशासन की साप्ताहिक जनसुनवाई के तहत जिलाधिकारी वंदना ने दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया।

जिलाधिकारी ने एप्पल मिशन के तहत तैयार बागानों का भ्रमण कर काश्तकारों से फलोत्पादन और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय लोगों को स्वरोजगार अपनाने और पर्यटन से जुड़े रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों से मुलाकात कर उनके स्वरोजगार प्रयासों की जानकारी ली और उनका उत्साह बढ़ाया। ग्राम सभा सूपी में टेरी परियोजना के अंतर्गत संचालित कुमाऊं वाणी सामुदायिक रेडियो केंद्र का निरीक्षण भी किया और इसे ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाने के लिए प्रभावी माध्यम बनाने पर जोर दिया।

ग्रामीणों की समस्याओं में पेयजल की कमी, स्वेच्छिक चकबंदी, जंगली जानवरों से नुकसान, सार्वजनिक मार्गों में अतिक्रमण और कूड़ा निस्तारण शामिल थे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए कड़े निर्देश दिए।

कृषि, उद्यानिकी और शोध कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्होंने हाई वैल्यू फसलों के उत्पादन और किसानों के लाभ पर जोर दिया। इसके अलावा, उन्होंने स्कूलों का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से पठन-पाठन की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी ने होमस्टे और होटल संचालकों से बैठक कर अवैध संचालन पर कार्रवाई करने, छोटे पॉकेट पार्किंग निर्माण और रोड सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी वंदना के इस क्षेत्र भ्रमण में जिला विकास अधिकारी, उप-जिलाधिकारी, कृषि, उद्यान, पशुपालन, लोनिवि, सिंचाई, पर्यटन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें