
चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार, पीड़िता ने सुनाई आपबीती
हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध चंडी देवी मंदिर के महंत रोहित गिरी को महिला से छेड़छाड़ के मामले में पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लुधियाना की रहने वाली एक महिला ने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता का कहना है कि एक साल पहले वह पारिवारिक समस्याओं को लेकर हरिद्वार आई थी और चंडी देवी मंदिर में महंत रोहित गिरी से हवन कराया था। इसी दौरान उसकी महंत से जान-पहचान हुई। आरोप है कि इसके बाद रोहित गिरी लगातार उसे व्हाट्सऐप कॉल्स और मैसेज भेजते रहे, वह भी अलग-अलग नंबरों से।
महिला के अनुसार, 14 मार्च को जब महंत लुधियाना आए तो उन्होंने उसे फोन कर बुलाया और कार में बैठाकर एक सुनसान जगह ले गए, जहां उन्होंने अश्लील हरकतें कीं। पीड़िता ने उसी समय लुधियाना थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद नया विवाद
गिरफ्तारी के ठीक बाद मंगलवार को एक और नाटकीय घटनाक्रम सामने आया, जब खुद को महंत की पहली पत्नी बताने वाली एक महिला करीब 8-10 लोगों के साथ उनके घर पहुंची और ताला तोड़कर अंदर घुस गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि घर के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान अस्त-व्यस्त था।
चंडी चौकी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि मौके पर मौजूद महिला ने खुद को महंत की पत्नी बताया और कहा कि उसे इस घर में आने का पूरा हक है। हालांकि, घर का ताला किसने तोड़ा और सामान क्यों बिखरा पड़ा था, यह जांच का विषय है। अभी तक किसी भी पक्ष ने इस बारे में लिखित शिकायत नहीं दी है।
हरिद्वार में मचा हड़कंप
महंत की गिरफ्तारी और उसके बाद की घटनाओं को लेकर हरिद्वार में चर्चा का बाजार गर्म है। एक धार्मिक स्थान के महंत पर लगे ऐसे आरोपों ने श्रद्धालुओं को हैरान कर दिया है और प्रशासन भी सतर्क हो गया है।
