ऊधमसिंह नगर में बाघ का खूनी तांडव, खटीमा में बुजुर्ग की मौत से गांव में दहशत

उत्तराखंड में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कुमाऊँ मंडल के ऊधमसिंह नगर जिले से सामने आया है, जहां खटीमा ब्लॉक के दूरस्थ गांव बग्गा 54 में रविवार रात बाघ के हमले से 73 वर्षीय बुजुर्ग शेर सिंह कन्याल की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेर सिंह कन्याल रविवार को अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जंगल में झाड़ियों के पास उनका शव बरामद हुआ, जिस पर बाघ के हमले के स्पष्ट निशान मिले।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं और विशेष सतर्कता बरतें।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। स्थानीय लोग क्षेत्र में बाघ की निगरानी बढ़ाने और जल्द ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सम्बंधित खबरें