
उत्तराखंड स्थापना दिवस पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विधायक राम सिंह कैड़ा बोले तिहाड़ जेल के दिन आज भी याद हैं!
नैनीताल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर नैनीताल जिला प्रशासन की ओर से “उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रमुख राज्य आंदोलनकारी और भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा सहित कई आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि एक राज्य आंदोलनकारी के रूप में उन्होंने भी उत्तराखंड राज्य आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई थी। उन्होंने बताया कि आंदोलन के दौरान उन्हें तिहाड़, फतेहगढ़ और हल्द्वानी जेलों में महीनों तक बंद रहना पड़ा और कई बार पुलिस की लाठियाँ भी झेलनी पड़ीं।
विधायक कैड़ा ने कहा कि जब वे उन दिनों को याद करते हैं, तो आँखें नम हो जाती हैं और शहीद हुए आंदोलनकारियों के बलिदान को नमन करने का मन होता है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। गाँव-गाँव तक सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाई जा रही हैं।









