
उत्तराखंड में मौसम का कहर: बदरीनाथ में दो फीट बर्फ, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में तेज बारिश व आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। बदरीनाथ धाम में करीब दो फीट तक बर्फ जम चुकी है, जबकि लगातार बर्फबारी का सिलसिला जारी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के कई पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
राजधानी देहरादून समेत उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, बर्फबारी और तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जिलों में भी तेज बारिश और आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट लागू है।
मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम का असर साफ दिखाई देगा, जहां तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 25 मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।









