
इंसानियत को झकझोर देने वाला हादसा: हल्द्वानी में टाटा ऐस की टक्कर से युवक की मौत, घायल दोस्त को तड़पता छोड़ पेट्रोल चुराकर भागे युवक
सीसीटीवी में कैद हुई दिल दहला देने वाली टक्कर, आरोपी चालक फरार | नाइजीरिया से मृतक के पिता आज पहुंचेंगे
हल्द्वानी। हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित आईटीआई तिराहे पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बुलेट सवार दो युवकों को तेज़ रफ्तार टाटा ऐस वाहन ने ज़ोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय आदित्य सिंह बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी कुनाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
भयानक टक्कर में उड़ गए बुलेट के परखच्चे
पुलिस के अनुसार, आदित्य अपने दोस्त कुनाल के साथ बुलेट पर रामपुर रोड चुंगी की ओर जा रहा था। तिराहे पर एक गली से अचानक टाटा ऐस वाहन तेज़ी से निकला और सामने से बुलेट को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुलेट के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एसटीएच (सुशीला तिवारी अस्पताल) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ , पिता नाइजीरिया में, मां व भाई पहाड़ में थे
मृतक आदित्य इन दिनों घर पर अकेला था। उसके पिता गंगा सिंह बिष्ट नाइजीरिया में नौकरी करते हैं, जबकि मां और भाई पहाड़ गए हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही मां और भाई शुक्रवार शाम तक पहुंच गए, वहीं पिता के आज (शनिवार) भारत पहुंचने की संभावना है। चाचा ने बताया कि आदित्य की पढ़ाई पूरी हो चुकी थी और वह इस समय घर पर ही था।
इंसानियत हुई शर्मसार: घायल तड़पते रहे, युवक पेट्रोल चुराकर भागे
हादसे के बाद जो हुआ, उसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ युवक मौके पर पहुंचे और घायलों को पहचानने के बावजूद मदद करने के बजाय बुलेट से टपकते पेट्रोल को बोतलों में भरने लगे। वे घायल युवकों को अस्पताल नहीं ले गए और मौके से पेट्रोल लेकर भाग गए।
सीसीटीवी में कैद हादसा, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने घटनास्थल के पास दुकानों से सीसीटीवी फुटेज जुटाए हैं, जिसमें टाटा ऐस और बुलेट की भिड़ंत साफ दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि टाटा ऐस पर एक प्रसिद्ध दुग्ध कंपनी का बोर्ड लगा हुआ था। मेडिकल चौकी प्रभारी बीएस मेहता ने बताया कि चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। अभी तक परिजनों की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
जनता से अपील: दुर्घटना पीड़ितों की मदद करें, लापरवाही और स्वार्थ से बचें
यह हादसा न केवल ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का नतीजा है, बल्कि सामाजिक संवेदनाओं की कमी भी उजागर करता है। घायलों की मदद के बजाय पेट्रोल चुराने की हरकत ने मानवता को झकझोर कर रख दिया है।
