अल्मोड़ा में स्कूल के पास 161 जिलेटिन छड़ें मिलने से हड़कंप: पुलिस की कड़ी जांच जारी, दहशत में लोग

दिल्ली में हुए सिलसिलेवार धमाकों को अभी एक महीना भी नहीं बीता है और अब उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में विस्फोटक सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया है। शुक्रवार देर शाम सल्ट तहसील के डबरा क्षेत्र में स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास झाड़ियों से 161 जिलेटिन की छड़ें बरामद की गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल फैल गया।

सूचना के अनुसार, विद्यालय के विद्यार्थियों ने खेलते समय झाड़ियों में कुछ संदिग्ध वस्तुएं देखीं। विद्यार्थियों ने इसकी जानकारी स्कूल के प्रधानाचार्य को दी, जिसके बाद प्रधानाचार्य ने तुरंत थाना सल्ट को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेराबंदी करते हुए सील कर दिया।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान कुल 161 जिलेटिन छड़ें बरामद हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम डिस्पोज़ल स्क्वाड और डॉग स्क्वायड टीमों को तुरंत मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने क्षेत्र की व्यापक छानबीन की और सैंपल इकट्ठा किए। इन विस्फोटक छड़ों को सुरक्षित कब्जे में लेकर पुलिस ने उन्हें जांच के लिए भेज दिया है।

अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी देवेंद्र पिंचा ने बताया कि मामले में थाना सल्ट में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री स्कूल के पास कैसे पहुंची और इसे कौन लाया। उन्होंने कहा कि सामान्यतः जिलेटिन की रॉड सड़क निर्माण और पत्थर तोड़ने के कार्यों में उपयोग होती हैं, लेकिन स्कूल के पास इनका मिलना गंभीर सवाल खड़ा करता है।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह–तरह की चर्चाएं और अफवाहें फैलने लगीं। कुछ लोग इसे संभावित बड़ी साजिश से जोड़कर देखने लगे हैं। हालांकि, एसएसपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि लोग किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और पुलिस जांच पर भरोसा रखें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा।

फिलहाल, पुलिस की जांच कई बिंदुओं पर जारी है और सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों की चिंता को देखते हुए प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।

सम्बंधित खबरें