अब सिर्फ दो जीएसटी स्लैब, दिवाली से महंगे सामान होंगे सस्ते

देशभर के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने वाली है। केंद्र सरकार ने नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म्स की तैयारी कर ली है। इसके तहत मौजूदा 5 टैक्स स्लैब (0%, 5%, 12%, 18% और 28%) की जगह केवल दो स्लैब—5% और 18% ही रह जाएंगे।

टैक्स बार ने दी जानकारी

रामनगर टैक्स बार के अध्यक्ष पूरन पाण्डेय और उपसचिव मनु अग्रवाल ने बताया कि केंद्र सरकार जीएसटी को सरल बनाने और जनता को राहत देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है।

पूरन पाण्डेय ने कहा कि इन सुधारों से आम आदमी, किसान, मिडिल क्लास और एमएसएमई सेक्टर को सीधा फायदा होगा। वहीं, मनु अग्रवाल ने बताया कि 12% और 28% वाले स्लैब को खत्म करने का प्रस्ताव है, जबकि विशेष दरें केवल चुनिंदा वस्तुओं पर ही लागू होंगी।

क्या होंगे फायदे?

टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एसी जैसी वस्तुओं पर टैक्स 28% से घटाकर 18% किया जाएगा।

वर्तमान में 28% जीएसटी स्लैब में आने वाले लगभग 90% आइटम्स अब 18% स्लैब में आ जाएंगे।

रोजमर्रा की कई जरूरी चीजों पर टैक्स शून्य या 5% तक सीमित करने की तैयारी है।

कब होगा फैसला?

सूत्रों के अनुसार, सितंबर में जीएसटी काउंसिल की बैठक में इस प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लग सकती है। अगर फैसला पास हो गया तो दिवाली से पहले उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिल सकती है।

सम्बंधित खबरें